भारिबैं/2026-27/241
विवि.आरईटी.आरईसी.208/12.01.001/2026-27
25 अगस्त 2026
भारतीय रिज़र्व बैंक (शहरी सहकारी बैंक - आरक्षित नकदी निधि अनुपात और सांविधिक चलनिधि अनुपात) चतुर्थ संशोधन निदेश 2026
कृपया भारतीय रिज़र्व बैंक (शहरी सहकारी बैंक - आरक्षित नकदी निधि अनुपात और सांविधिक चलनिधि अनुपात) निदेश 2025 (19 जून 2026 को अद्यतन) का संदर्भ लें, जिसमें बैंकों द्वारा क्रमशः 8 जून 2026 से 30 सितंबर 2026 और 19 जून 2026 से 30 सितंबर 2026 के बीच जुटाई गई न्यूनतम तीन वर्ष की अवधि तथा अधिकतम पांच वर्ष की अवधि की नवीन एफसीएनआर (बी) जमाराशियों और तीन वर्ष या उससे अधिक अवधि की नवीन अनिवासी (बाह्य) रुपया (एनआरई) सावधि जमाराशियों (परिपक्वता पर नवीनीकृत जमाराशियों सहित) को सीआरआर और एसएलआर बनाए रखने से छूट प्रदान की गई है। समीक्षा करने पर, यह निर्णय लिया गया है कि उपर्युक्त छूट हेतु "30 सितंबर 2026" की तारीख को "31 अगस्त 2026" की तारीख में संशोधित किया जाए।
2. तदनुसार, बैंककारी विनियमन अधिनियम 1949 की धारा 35ए द्वारा प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए और भारतीय रिज़र्व बैंक अधिनियम 1934 की धारा 42 तथा समय-समय पर यथासंशोधित बैंककारी विनियमन अधिनियम 1949 की धारा 18 और 24 के साथ पठित धारा 56 (एएसीएस) तथा इस संबंध में भारतीय रिज़र्व बैंक को सक्षम बनाने वाले अन्य सभी प्रावधानों/कानूनों के अनुसार, भारतीय रिज़र्व बैंक इस बात से संतुष्ट है कि ऐसा करना जनहित में आवश्यक और समीचीन है, एतद्द्वारा, इसके बाद विनिर्दिष्ट संशोधन निदेश जारी करता है।
3. इन निदेशों को भारतीय रिज़र्व बैंक (शहरी सहकारी बैंक - आरक्षित नकदी निधि अनुपात और सांविधिक चलनिधि अनुपात) चतुर्थ संशोधन निदेश 2026 कहा जाएगा।
4. ये प्रावधान तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।
5. ये संशोधन निदेश भारतीय रिज़र्व बैंक (शहरी सहकारी बैंक - आरक्षित नकदी निधि अनुपात और सांविधिक चलनिधि अनुपात) निदेश 2025 में निम्नलिखित आशोधन करते हैं:
-
पैरा 21(5) में, "8 जून 2026 और 30 सितंबर 2026 के बीच" शब्दों को "8 जून 2026 और 31 अगस्त 2026 के बीच" से प्रतिस्थापित किया जाएगा।
-
पैरा 21(6) में, "19 जून 2026 और 30 सितंबर 2026 के बीच" शब्दों को "19 जून 2026 और 31 अगस्त 2026 के बीच" से प्रतिस्थापित किया जाएगा।
भवदीय,
(मनोरंजन पाढ़ी)
मुख्य महाप्रबंधक |